फर्रुखाबाद। आईपीएल सट्टा कराने का आरोप लगाकर रुपये मांग रहे सिपाहियों ने छात्र से मारपीट कर नकदी व मोबाइल लूट लिया। छात्र ने दो सिपाहियों व एक होमगार्ड के खिलाफ एंटी डकैती कोर्ट में याचिका दायर की है। जहानगंज क्षेत्र के गांव रूनी चुरसई निवासी सूर्य प्रताप सिंह ने एंटी डकैती कोर्ट में कादरी गेट थाने की चौकी आवास विकास में तैनात सिपाही संजीव कुमार, संजय कुमार व होमगार्ड जितेंद्र कुमार के खिलाफ याचिका दायर की है। इसमें आरोप लगाया कि वह एमबीए का छात्र है। वह दस अप्रैल को अपने दोस्तों के साथ चौकी के पास बिरयानी खा रहा था। उसी दौरान दोनों सिपाही व होमगार्ड वहां पर पहुंचे और आईपीएल सट्टा कराने का आरोप लगाकर रुपये की मांग करने लगे। सूर्य प्रताप उसके मित्रों ने बताया कि वह लोग सट्टा नहीं लगाते है। इस पर दोनों सिपाही व होमगार्ड गाली गलौज कर मारपीट करने लगे। इन लोगों ने जेब से 637 रुपये व मोबाइल लूट लिया। घटना की सूचना कादरीगेट थाने में दी, लेकिन पुलिस ने सुनवाई नहीं की। इस मामले में एसपी को भी प्रार्थना पत्र भेजा था। कोर्ट ने इस प्रकरण में कादरीगेट एसओ से आख्या मांगी है।