फर्रुखाबाद। पैनल से हुए पोस्टमार्टम में छात्रा की हार्टअटैक से मौत होने की पुष्टि हुई है। छात्रा के दिमाग में अंदरूनी चोट पाई गई। परिजन मारपीट में घायल होने व इलाज के दौरान मौत का आरोप लगा रहे हैं।
फतेहगढ़ कोतवाली के मोहल्ला सिविल लाइन निवासी बीए की छात्रा रोली (18) के साथ 31 अगस्त को मोहल्ले के लोगों ने मारपीट कर दी थी। पुलिस ने इस मामले में एनसीआर दर्ज कर छात्रा का लोहिया अस्पताल में मेडिकल कराया था। लोहिया अस्पताल में हालत बिगड़ने पर छात्रा को यहां से रेफर कराकर सैफई में भर्ती कराया गया। सुधार होने पर परिजन उसको घर ले आए।
सोमवार शाम छात्रा की हालत बिगड़ी। परिजन उसको अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टर ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया था। परिजनों ने मारपीट से छात्रा की मौत होने का आरोप लगाया। डॉक्टर विजय अनुरागी व शोभित कुमार सिंह के पैनल ने वीडियोग्राफी के साथ छात्रा के शव का पोस्टमार्टम कराया। इसमें छात्रा की मौत हार्टअटैक से होना बताई गई। छात्रा के दिमाग में अंदरूनी चोट पाई गई। इंस्पेक्टर हरिगोविंद ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।