फर्रुखाबाद। बिना अग्निशमन की एनओसी व प्रदूषण प्रमाण पत्र के कोल्ड स्टोरेज संचालित कर लाखों का आलू भंडारण करने के मामले में दो कोल्ड स्टोरेज के संचालकों के खिलाफ तहरीर दी गई है।
जिला आलू शाक भाजी अधिकारी राघवेंद्र सिंह ने गुरुवार को दो कोल्ड स्टोरेज संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए अलग अलग तहरीर दी। इसमें बताया कि रखा रोड पर स्थित काश्तकार कोल्ड स्टोरेज के संचालक ने बिना अग्निशमन व प्रदूषण की एनओसी लिए बिना लाखों रुपये का आलू का अवैध रूप से भंडारण कर लिया। यह कोल्ड गांव राजा नगला के भाजपा नेता का है। जो जिला पंचायत सदस्य का चुनाव भी लड़े थे।
वहीं याकूतगंज के फजल कोल्ड स्टोरेज के संचालक के खिलाफ दी तहरीर में बताया कि वह बिना अग्नि शमन कीे एनओसी के कोल्ड स्टोरेज का संचालन कर रहे हैं। इसमें लाखों रुपये का किसानों का आलू अवैध रूप से भंडारित किया गया है। इंस्पेक्टर हरिगोविंद ने बताया कि तहरीर मिली है मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जाएगी।