फर्रुखाबाद। पांच लोगों के खिलाफ रंगदारी मांगने के आरोप में कोर्ट में परिवाद दर्ज किया गया है। पीड़ित ने तमंचे से फायर कर जान से मारने के प्रयास का भी आरोप लगाया है।
शहर कोतवाली के मोहल्ला नितगंजा बाजार निवासी विवेक गुप्ता ने मोहल्ला छक्का नाजिर कूंचा निवासी सर्वेंद्र सहित पांच के खिलाफ सीजेएम कोर्ट में याचिका दायर की।
इसमें आरोप लगाया कि फतेहगढ़ कोतवाली में आत्महत्या के लिए उकसाने के मुकदमे में सर्वेंद्र के साथ वह आरोपी है।
सर्वेंद्र का कहना है कि मुकदमे में उनका 10 लाख रुपया खर्च हुआ है। विवेक ने एक भी रुपया खर्च नहीं किया है। 10 लाख रुपये की मांग कर सर्वेंद्र मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हैं।
30 मई को सर्वेंद्र व उनके पुत्र घर पर आए और रुपये मांगे। इन्कार करने पर लाठी-डंडों से मारपीट की। उनके पुत्र ने तमंचे से फायर कर जान से मारने की प्रयास किया।
मोहल्ले के लोगों के बीच बचाव करने पर यह लोग धमकी देकर चले गए। विवेक ने आरोप लगाया कि सर्वेंद्र हिस्ट्रीशीटर है। कोर्ट ने परिवाद दर्ज कर कर 16 नवंबर को दूसरे पक्ष के लोगों को कोर्ट में पेश होने के आदेश दिए हैं।