कंपिल। नगर पंचायत चेयरमैन उदयपाल सिंह यादव की मुश्किलें बढ़ती जा रहंी हैं। आय से अधिक संपत्ति के मामले में चार सदस्यीय कमेटी ने जांच शुरू कर दी है।
कस्बा निवासी हिकमत उल्ला खां ने वर्ष 2018 में कंपिल चेयरमैन उदयपाल सिंह यादव की आय से अधिक संपत्ति को लेकर लोकायुक्त से शिकायत की थी। लोकायुक्त ने इसकी जांच कराने के आदेश दिए थे। इस पर डीएम ने एसडीएम कायमगंज संजय सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जोध कुमार, वरिष्ठ कोषाधिकारी व एआईजी स्टांप की कमेटी गठित की।
मंगलवार दोपहर को एडीएम सुभाष चंद्र प्रजापति के साथ एसडीएम, अधिशासी अभियंता जांच के लिए उदयपाल के पैतृक गांव कमलाईपुर पहुंचे। वहां चेयरमैन के पैतृक आवास, गांव अर्जुन नगला स्थित प्लाट, सिवारा रोड पर स्कूल को देखा। हमीरपुर गांव में आवासीय प्लाट की लेखपाल रोहित अवस्थी से नाप जोख कराई। एडीएम ने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को संबंधित भूखंडों के मूल्यांकन के निर्देश दिए। जांच के दौरान चेयरमैन मौजूद नहीं रहे। एडीएम ने बताया कि कमेटी के रिपोर्ट देने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।