फर्रुखाबाद। राजेपुर सीएचसी में तैनात बीसीपीएम के खिलाफ जांच के लिए सीएमओ ने कमेटी गठित कर दी है। इससे आशाओं के वाउचर की धनराशि और उनके द्वारा किए गए कार्यों की हकीकत खुलकर सामने आ जाएगी। दूसरी ओर कुछ आशाओं ने कलक्ट्रेट पहुंचकर बीसीपीएम का स्थानांतरण रुकवाने की मांग की।
राजेपुर क्षेत्र की आशाओं ने सीएचसी में तैनात बीसीपीएम के खिलाफ वसूली की शिकायत की थी। यह भी आरोप है कि कुछ आशाओं के खाते में काम से अधिक के वाउचर लेकर भुगतान किया जा रहा है। इसके अलावा एक वीडियो भी वायरल हुआ था। इस पर सीएमओ डॉ.अवनींद्र कुमार ने सोमवार को बीसीपीएम विजय पाल सिंह को प्रशासनिक आधार पर मोहम्मदाबाद सीएचसी में स्थानांतरित कर दिया।
इसको लेकर कुछ आशाएं बीसीपीएम के पक्ष में जिलाधिकारी से मिलने कलक्ट्रेट पहुंचीं। एसडीएम संजय सिंह ने आशाओं का ज्ञापन लेकर बात की। आशाओं ने कहा कि यदि मार्च में बीसीपीएम का स्थानांतरण हुआ तो उन लोगों को नुकसान हो जाएगा।
इस पर एसडीएम ने स्थानांतरण रुकवाने से साफ मना करते हुए कहा कि जो भी कर्मचारी आएगा वह आशाओं का पूरा भुगतान करेगा। यदि भुगतान में कोई दिक्कत आए तो शिकायत करें, कार्रवाई की जाएगी। सीएमओ ने बताया कि राजेपुर क्षेत्र की कई आशाएं तीन दिन से बिना सूचना काम छोड़कर नेतागिरी कर रही हैं। इससे उनके वाउचर संदेह के घेरे में हैं।
वाउचरों की जांच और किए गए कार्य की जांच कराई जाएगी। इसके लिए एसीएमओ डॉ.सर्वेश यादव की अध्यक्षता में डीसीपीएम व डैम की तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर निर्णय लिया जाएगा।