फर्रुखाबाद। सीएमओ कार्यालय में गत वर्ष स्थानांतरण पर आया लिपिक कार्यभार ग्रहण करने के बाद से गायब है। इसकी सीएमओ कार्यालय से निदेशालय को तीन बार सूचना भेजी जा चुकी है। अब कार्रवाई के लिए निदेशक ने रिपोर्ट तलब की है।
सीएमओ कार्यालय में गत वर्ष जुलाई में गैर जनपदों से 13 लिपिक स्थानांतरण पर भेजे गए थे। इनमें लिपिक अतुल कटियार ज्वाइनिंग के बाद कभी ड्यूटी करने ही नहीं आए। फिलहाल कार्यालय के अधिकतर कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने लिपिक को कभी देखा ही नहीं। वह लगातार गायब चल रहे हैं। इसके अलावा अन्य सभी लिपिक कार्यालय में तैनात हैं। इनमें अधिकतर लिपिक सप्ताह में तीन से चार दिन ही ड्यूटी कर रहे हैं। बचाव के लिए इन लिपिकों को सीएमओ कार्यालय में पटल की जिम्मेदारी मिलने के साथ उन्हें एक-एक सीएचसी का चार्ज भी आवंटित किया गया है।
इससे निरीक्षण के दौरान जो लिपिक मौजूद नहीं होता उसे सीएचसी जाने की बात कहकर अधिकारियों को गुमराह कर दिया जाता है। सीएमओ ने इस खेल पर भी शिकंजा कस दिया है। उन्होंने स्टेनो सतवीर को तलब कर लिपिक की सीएचसी या सीएमओ कार्यालय में एक ही स्थान पर जिम्मेदारी आवंटित करने के निर्देश दिए।
सीएमओ डॉ.अवनींद्र कुमार ने बताया कि लिपिक अतुल कटियार ने जुलाई 2022 में ज्वाइनिंग के बाद एक दिन भी काम नहीं किया। इसकी निदेशक प्रशासन को तीन बार सूचना भेजी जा चुकी है। निदेशक प्रशासन ने लिपिक पर कार्रवाई के लिए पुन: रिपोर्ट मांगी है। वह रिपोर्ट भेज रहे हैं। सीएमओ ने बताया कि अन्य लिपिकों के पास से उनके कार्यालय के साथ सीएचसी का चार्ज हटाकर एक ही स्थान पर तैनात किया जाएगा। ड्यूटी की प्रतिदिन मॉनीटरिंग की जाएगी।