फर्रुखाबाद। क्रिसमस डे को लेकर गिरजाघरों में कैंडल लाइट कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रभु यीशु मसीह से लोगों के जीवन में खुशियों की रोशनी बिखेरने की प्रार्थना की गई। शाम होते ही गिरजाघर दूधिया रोशनी से जगमगा उठे।
सीएनआइ चर्च बढ़पुर, सीएनआइ सिटी चर्च घुमना व रखा चर्च में शाम होते ही समाज के लोगों का पहुंचना शुरू हो गया। सीएनआइ चर्च बढ़पुर में बच्चों और बड़ों ने क्रूस के समक्ष कैंडल जलाई। चर्च सभागार में पादरी जयपाल मैसी ने प्रार्थना सभा की। उन्होंने कहा कि प्रभु यीशु मसीह ने हमेशा लोगों के अंधेरे जीवन में उजाला फैलाया। हम सभी को प्रभु यीशु मसीह के बताए रास्ते पर चलना चाहिए। इस दौरान प्रभु यीशु मसीह के गीत भी गाए गए।
पास्ट्रेट कमेटी की कोषाध्यक्ष प्रियंका मैसी ने बताया कि क्रिसमस डे के उपलक्ष्य में कैंडल लाइट कार्यक्रम देर रात तक चलेगा। रविवार रात 12 बजे प्रभु यीशु मसीह का जन्म होते ही केक काटकर खुशियां मनाई जाएंगी। इस अवसर पर सचिव विनीता सिंह, आदित्य रोहित सहाय, जार्डन राज, विजय दयाल, अनुराग मल व रितेश औलिब सिंह आदि मौजूद रहे।