फर्रुखाबाद। बच्चों ने खेल- खेल में एलएलबी छात्र की बाइक में आग लगा दी। बाइक धूं- धूं कर जलती रही और मोहल्ले के लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। छात्र की सूचना पर पहुंची पुलिस बच्चों सहित अभिवावकों को कोतवाली ले गई।
एटा थाना अलीगंज मोहल्ला राधा कृष्ण नगर निवासी शिवमंगल मेजर एसडी सिंह लॉ कालेज में एलएलबी की पढ़ाई कर रहा है। वह जय नारायण वर्मा रोड निवासी एसके पाल के मकान में किराये पर रह रहा है। शुक्रवार को परीक्षा देने के बाद घर आए शिवमंगल ने बाइक घर के बाहर खड़ी कर दी। बाइक उसके ताऊ स्व. ब्रजेंद्र सिंह के नाम से पंजीकृत है। मोहल्ले के तीन बच्चों ने खेल- खेल में बाइक की पेट्रोल टंकी का पाइप निकालकर आग लगा दी। पेट्रोल में आग लगने से बाइक धूं-धूं करके जलने लगी।
बच्चे मौके से भाग गए। टंकी फटने से तेज आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग निकल आए। मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में घटना के फुटेज कैद हो गए। मोहल्ले के लोगों ने आग के वीडियो बनाकर वायरल कर दिए। जानकारी होने पर छात्र ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे देखकर तीनों बच्चों को परिजनों सहित कोतवाली में बुला लिया। वहां समझौते को लेकर वार्ता चलती रही।