फर्रुखाबाद। अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा में रविवार को छात्र-छात्राओं ने खूब दिमागी कसरत की। डेढ़ घंटे में उन्होंने 100 प्रश्न हल किए। गणित व रीजनिंग के सवालों में बच्चों का दिमाग चकरा गया। वहीं, इतिहास व सामान्य ज्ञान के प्रश्नों को लेकर उत्साहित दिखे।
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए जिले के 965 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया था। इसके लिए दो परीक्षा केंद्र बनाए गए। म्युनिसिपल इंटर कॉलेज फतेहगढ़ में कक्षा नौ व 10 के 411 बच्चों की परीक्षा थी। इसमें 248 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए।
प्रधानाचार्य गिरिजा शंकर, प्रवक्ता पीके जायसवाल व पीटीआई निषीत सक्सेना आदि ने बच्चों को हॉल सहित 10 कक्षों में बैठाकर परीक्षा कराई। वहीं पीडी महिला डिग्री कॉलेज में कक्षा 11 व 12 के कुल 554 छात्र-छात्राओं को परीक्षा में शामिल होना था। इसमें 337 बच्चों ने परीक्षा दी।
एनसीसी कैडेट रुस्तम, सुमित कुशवाहा, नरेश यादव, निमित श्रीवास्तव, निशांत कुमार, सुमित कुमार, सुमित राजपूत, मोहित, राज व अमन ने कक्ष निरीक्षक की जिम्मेदारी निभाई। दोनों परीक्षा केंद्रों पर 11 बजे पेपर बंटते ही छात्र-छात्राओं ने प्रश्नों को पढ़कर मंथन शुरू कर दिया। कुछ बच्चों ने ओएमआर शीट पर विकल्प चुनकर खाने काले करने लगे।
छात्राओं में दिखा खासा उत्साह
बेटियां अब बेटों से किसी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा में भी कुछ ऐसा ही चरितार्थ होते दिखा। परीक्षा में बैठी बेटियां उत्साह के भरी होने के साथ उनका दिमाग पेपर में लिखे प्रश्नों का उत्तर निकालने में एकाग्र दिखा। गणित के सवालों में उन्होंने रफ कार्य पेपर व प्रवेशपत्र के पीछे ही कर लिया। उत्तर निकलने के बाद सही विकल्प चुनकर ओएमआर शीट पर भरा। 12:30 बजे परीक्षा समाप्त होने के बाद जब छात्राएं कक्ष से बाहर निकलीं तो वह आपस में प्रश्नोत्तर पर विचार-विमर्श करते दिखीं।
प्रथम पुरस्कार जीतने की ललक
अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा देने के बाद कक्ष से बाहर निकले बच्चे उत्साहित थे। उनसे पूछा कि पेपर कैसा था। कुछ बच्चों ने कहा कि बहुत अच्छा तो कुछ बोले गणित व रीजनिंग के प्रश्न कठिन थे। हालांकि पुरस्कार जीतने की ललक सभी में दिखी।