फर्रुखाबाद। शाहजहांपुर जिले के थाना मिर्जापुर के गांव इस्लामनगर निवासी बुधवा परिवार के साथ मऊदरवाजा क्षेत्र में अर्रापहाड़पुर स्थित एक निजी स्कूल में मजदूरी करते हैं। बृहस्पतिवार सुबह उनका पुत्र ताज मोहम्मद (6) स्कूल के बाहर सड़क किनारे खेल रहा था। उसी समय तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन घायल को लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पिता पुलिस कार्रवाई न कराने की बात कहकर शव लेकर चला गया। हालांकि बाद में मऊदरवाजा थाना पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है। मां अमीशन और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। ताज मोहम्मद छह बच्चों में पांचवें नंबर का था। (संवाद)