फर्रुखाबाद। बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए जिले के नोडल अधिकारी मुख्य अभियंता ने सोमवार को यहां पहुंचकर समीक्षा की। उन्होंने राजस्व वसूली कम होने पर नाराजगी जताई। नेवर पेड उपभोक्ताओं पर शिकंजा कसने और बिजली चोरी रोकने के निर्देश दिए।
मुख्य अभियंता कानपुर क्षेत्र असलम हुसैन को प्रबंध निदेशक अमित किशोर ने जिले का नोडल अधिकारी बनाया है। उन्होंने भोलेपुर स्थित डिवीजन कार्यालय पहुंचकर अधिशासी अभियंता बृजभान सिंह, सुरेंद्र कुमार गौतम, एसडीओ व जेई के साथ बैठक कर कार्यों की समीक्षा की। शहर में 1682 उपभोक्ता ‘नेवर पेड’ देेख उन्होंने नाराजगी जताई। कहा कि सभी अवर अभियंता व एसडीओ ऐसे उपभोक्ताओं से संपर्क कर बिल जमा कराएं। इससे लक्ष्य के सापेक्ष राजस्व वसूली हो सके। 22 प्रतिशत लाइनलॉस होने पर इसे घटाकर 16 प्रतिशत पर लाने के निर्देश दिए। 92 प्रतिशत बिलिंग होने पर इसे 99 प्रतिशत करने के निर्देश दिए। इस दौरान बताया गया कि विद्युत उपकेंद्र कुटरा ओवरलोड है। जसमई, कुटरा व पांचालघाट की वीसीबी खराब है। एलटी लाइनों की जर्जर केबल होने से फाल्ट बढ़ने की भी जानकारी दी गई। दो टीजी-2 की कमी है। इस पर मुख्य अभियंता ने शीघ्र ही समस्याओं के निस्तारण का भरोसा दिया। कहा कि रिवैंप्ड योजना में शीघ्र ही व्यवस्था दुरुस्त कराई जाएगी।
मुख्य अभियंता ने डिवीजन कार्यालय परिसर स्थित बिजली उपकेंद्र का निरीक्षण किया। इसके बाद फतेहगढ़ के न्यू भोलेपुर उपकेंद्र देखा, वहां इनकमिंग व आउटगोइंग वीसीबी फुंकी होने से एक 8 एमवीए का ट्रांसफार्मर बंद मिला। बताया गया कि वीसीबी न मिल पाने के दूसरे उपकेंद्र पर लोड बांटकर एक ट्रांसफार्मर से काम चलाया जा रहा है। इसके बा भोलेपुर ग्रामीण उपकेंद्र का भी निरीक्षण किया। मुख्य अभियंता ने कहा कि सभी जेई व एसडीओ सुबह आठ बजे से अपने क्षेत्र में निकलकर राजस्व वसूली बढ़ाएं। एसडीओ मुकेश चंद्र राव, अजय कुमार यादव व सभी अवर अभियंता मौजूद रहे।