फर्रुखाबाद। कीमत और गुणवत्ता पर सवाल उठने के बाद एएनएम ट्रेनिंग सेंटर के लिए आईं कुर्सियां और गद्दे वापस होंगे। एसीएमओ ने इस संबंध में ठेकेदार को नोटिस दिया है। उसे ब्रांडेड कुर्सियां व गद्दे आपूर्ति करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग में जेम पोर्टल से हो रही लाखों की खरीद में खेल हो रहा है। पहले जेम पोर्टल से फर्म का चयन कर 50 लाख रुपये से 94 लैपटॉप व प्रिंटर खरीदे गए। इस मुद्दे को अमर उजाला ने उठाया तो लैपटॉप की जांच हुई। जांच के दौरान लैपटॉप ऑन ही नहीं हुए तो विभाग ने फर्म को वापस कर दिए।
अब एएनएन सेंटर के लिए 20 लाख रुपये से सामग्री की खरीद भी जेम पोर्टल के जरिए की गई। इसमें भी ठेकेदार ने कई गुना अधिक कीमत ली और घटिया सामग्री की आपूर्ति कर दी। 550 रुपये कीमत वाली कुर्सी तीन हजार रुपये में, जबकि 800 रुपये का गद्दा 1700 रुपये में दिया गया है। इस मामले को अमर उजाला ने मंगलवार के अंक में उठाकर प्रमुखता से खबर प्रकाशित की।
एसीएमओ स्टोर डॉ. सर्वेश यादव ने बताया कि जेम पोर्टल से चयनित फर्म की ओर से आपूर्ति की गईं कुर्सियां व गद्दे वापस किए जाएंगे। सामग्री की गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा। ठेकेदार को नोटिस दिया गया है।