फर्रुखाबाद। आंगनबाडी कार्यकर्ता की चेन तोड़कर ले जाने के मामले में पुलिस ने घटनास्थल के आसपास दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। शक के आधार पर पकड़े गए ई-रिक्शा चालक को पुलिस ने छोड़ दिया।
फतेहगढ़ कोतवाली के मोहल्ला नेकपुर चौरासी निवासी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सीमा कटियार प्रीतम नगला में बुधवार को केंद्र बंद करके ई-रिक्शा पर बैठकर जा रही थी। शिवाजी कालोनी के पास पांच महिलाओं ने ई-रिक्शा रोक लिया।
एक महिला को गर्भवती बताकर सभी महिलाएं ई-रिक्शा पर बैठ गईं। कुछ दूर बाद सभी महिलाएं ई-रिक्शा से उतर गईं। सीमा मोहल्ले के सामने उतरी तभी उनका ध्यान गले में पड़ी सोने की चेन पर गया। चेन गायब देखकर सीमा ने शोर मचाया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ई-रिक्शा चालक को पकड़ लिया। एसओ आमोद सिंह ने घटनास्थल के आस-पास दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। इसमें ई-रिक्शा व उसमें सवार महिलाओं के बारे में छानबीन की। शक के आधार पर पकड़े गए ई-रिक्शा चालक को पुलिस ने छोड़ दिया।
इंस्पेक्टर आमोद सिंह ने बताया कि पूरे मामले में जांच की जा रही है।