फर्रुखाबाद। लोहिया अस्पताल के बिजली उपकेंद्र में बुधवार देर रात चोरी करते एक चोर को पकड़ा गया। उसका साथी हालांकि मौके से भाग निकला। अस्पताल के चौकीदार रतन और रामलड़ैते रात में गश्त कर रहे थे। उन्होंने पीडियाट्रिक यूनिट के पास एक युवक को बोरी के साथ देखा। चौकीदारों ने उसे रोका और चोर (किशोर) को हिरासत में ले लिया। सूचना पर सीएमएस जगमोहन शर्मा और अन्य कर्मचारी पहुंचे। सीएमएस ने कादरीगेट थानाध्यक्ष कपिल कुमार को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने चोर से पूछताछ की, जिसने अपने साथी और लकूला निवासी एक कबाड़ी का नाम बताया। बोरी में उपकेंद्र का कीमती सामान भरा था। कर्मचारियों ने पीडियाट्रिक यूनिट के पूर्व में एक कमरे की टूटी कुंडी भी देखी। सीएमएस ने पुलिस को तहरीर दी है, जिस पर थानाध्यक्ष ने जांच कर कार्रवाई की बात कही। संवाद