फर्रुखाबाद/कमालगंज। औषधि निरीक्षक ने बुधवार को मेडिकल स्टोरों पर छापा मारा। एक मेडिकल स्टोर पर बड़ी मात्रा में एक्सपायरी दवाएं बिना फार्मासिस्ट बिकती मिलीं।
उन्होंने दवा बिक्री पर रोक लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। तीन मेडिकल स्टोरों पर कमियां मिलने पर संचालकों को नोटिस दिया गया।
जिला औषधि निरीक्षक रजत कुमार पांडेय ने आबकारी निरीक्षक कुमार गौरव सिंह व टीम के साथ याकूतगंज पहुंचे। वहां बालाजी मेडिकल स्टोर, चित्रा मेडिकल स्टोर व प्रकाश मेडिकल स्टोर का औचक निरीक्षण किया। संदिग्ध दवाओं के क्रय-विक्रय अभिलेख मांगे। एक्सपायर दवाएं अलग रखने की व्यवस्था नहीं थी।
बिक्री रजिस्टर भी अपूर्ण था। अन्य कमियां मिलने पर तीनों मेडिकल स्टोर संचालकों को नोटिस दिया। इसके बाद टीम कमालगंज पहुंची। वहां न्यू विजय मेडिकल स्टोर का निरीक्षण कर एक दवा का नमूना लिया। फार्मासिस्ट मौजूद नहीं था। ग्राहकों को दवा बिक्री की रसीद भी नहीं दी जा रही थी। मेडिकल स्टोर में भारी मात्रा में एक्सपायरी(कालातीत) दवाएं बेचने के लिए भरी मिलीं। प्रिंट मिटाकर दवाएं बेची जा रही थीं। काफी गंदगी भी मिली।
ड्रग इंस्पेक्टर रजत कुमार पांडेय ने बताया कि न्यू विजय मेडिकल स्टोर के संचालक को कमियों के निस्तारण के लिए कारण बताओ नोटिस दिया गया। सभी दवाओं की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। बिना फार्मासिस्ट दवा न बेचने की चेतावनी दी गई।
एक्सपायरी दवाओं का निस्तारण नियमनुसार न करने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। जांच के लिए नमूना राजकीय प्रयोगशाला लखनऊ भेजा गया है। उन्होंने बताया कि दवा बिक्री रोकने के लिए कमालगंज थाना पुलिस को भी सूचना दे दी है।