कंपिल। गंगा जल भरने आ रहे कावड़ियों से मारपीट कर असलाहधारी सात बदमाशों ने आठ हजार की नकदी लूट ली। तहरीर मिलने के बाद भी पुलिस मौके पर जांच करने के लिए नहीं गई।
जनपद एटा थाना राजा का रामपुर गांव पहरइया निवासी राघवेंद्र, विजय व विक्रम ने कावड़ चढ़ाने की मन्नत मांगी थी। ये लोग दो बाइकों से बुधवार की शाम को अटैना घाट से गंगा जल भरने के लिए आ रहे थे। कंपिल में इन लोगों ने एक जनसेवा केंद्र से आठ हजार रुपये निकाले। इसके बाद समाउद्दीनपुर गांव के पास पहुंचे। वहां पहले से घात लगाकर बैठे सात असलहाधारी लोगों ने तीनों कावड़ियों को रोक लिया। मारपीट कर आठ हजार रुपये लूट लिए।
राघवेंद्र ने अज्ञात सात बदमाशों के खिलाफ मारपीट व लूट की तहरीर दी। एसओ अशोक कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है पूरे मामले में जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मौके पर निरीक्षण करने नहीं गई। ऐसे में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। (संवाद)