कंपिल। पिकअप चालक के घर में घुसे चोर चार लाख के जेवर व नकदी चोरी करके चंपत हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर पूरे मामले की जानकारी की। तहरीर देने के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं किया।
थाना क्षेत्र के गांव महमूदपुर पट्टी निवासी शैलेश पिकअप चलाता है। वह दूध की कैन ढोने का काम करके परिवार का भरण-पोषण करता है। शुक्रवार रात पड़ोस में जागरण चल रहा था। परिवार के लोग कुंडी बंद करके जागरण सुनने के गए। उसी दौरान चोर मकान के अंदर घुस गए। चोरों ने बक्से का ताला तोड़कर 30 हजार की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण सहित अन्य सामान चोरी कर लिया।
देर रात शैलेश घर पहुंचे तो मुख्य गेट अंदर से बंद पाया। तालाब की ओर का दरवाजा खुला देखकर मकान के अंदर गए। वहां सामान बिखरा व बक्सा खुला हुआ पाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। शैलेश ने बताया कि चोर चार लाख के जेवर व नकदी चोरी कर ले गए हैं। शनिवार को शैलेश के तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। एसओ विश्वनाथ आर्या ने बताया कि जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
-
तीन माह में हुई एक दर्जन चोरी, लोग भयभीत
कंपिल थाना क्षेत्र में दो दुकानों सहित दस घरों में तीन माह में लाखों की चोरी की घटनाएं हो चुकी है। कई मामलों में पुलिस ने मुकदमा तक नहीं दर्ज किया। खुलासा नहीं होने से इलाके के लोगों में पुलिस के प्रति रोष व्याप्त है। (संवाद)