मोहम्मदाबाद। बैंक अधिकारी बनकर ठगी करने के मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने पकड़े गए एक युवक को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव सकवाई निवासी अनुराग दुबे ने मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के मोहल्ला हाता रोशन खां बजरिया निवासी विजय कुमार मिश्रा, शहर कोतवाली के मोहल्ला हरलाल का हाता निवासी भुवनेश अग्निहोत्री के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इसमें बताया कि उसकी गांव के बाहर हार्डवेयर की दुकान है।
उसने बैंक से लोन लिया था। गांव के वीरपाल व बृजेश ने भी बैंक से लोन कराया था। काफी दिनों से विजय कुमार मिश्रा व भुवनेश अग्निहोत्री उसकी दुकान पर आए। अपने आप को बैंक अधिकारी बताया। इन लोगों ने उसको पांच हजार की लोन की किस्त ली।
बृजेश से 75 हजार व वीरपाल से पांच हजार रुपये किस्त के रूप में लिए। सभी लोगों को फर्जी रसीद दे दी। बैंक में जाकर जानकारी की तो पता चला कि विजय व भुवनेश वसूली के लिए अधिकृत नहीं है। बैंक की ओर से कुलदीप सिंह व अमित कुमार वसूली के लिए अधिकृत है।
कुलदीप सिंह ने बताया कि विजय व भुवनेश को एक वर्ष पहले निकाल दिया गया था। ऐसे में ग्रामीणों ने विजय कुमार मिश्रा को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। भुवनेश मौका देखकर वहां से भाग गया। पुलिस ने विजय को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।