फर्रूखाबाद के जहानगंज में जमानत पर छूटने के बाद जुलूस निकालकर प्रधान व उसके साथियों ने वादी पूर्व प्रधान को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने प्रधान सहित 10 लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया। थाना क्षेत्र के गांव मुबाकरपुर निवासी पूर्व प्रधान विनीत उर्फ लालू को 29 अप्रैल 2021 को गांव के प्रधान योगेंद्र उर्फ बिल्लू यादव ने अपने साथियों के साथ मिलकर गोली माकर दी थी।
गोली कंधे में लगने से विनीत उर्फ लालू घायल हो गए थे। पुलिस ने प्रधान सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। 16 अक्तूबर को प्रधान योगेंद्र जमानत पर छूटकर गांव में समर्थकों के साथ जुलूस लेकर पहुंचे। पूर्व प्रधान विनीत उर्फ लालू के दरवाजे पर प्रधान योगेंद्र व उनके साथियों ने गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने पूर्व प्रधान की तहरीर पर प्रधान योगेंद्र, शोभित यादव, धर्मेंद्र, अभिषेक, अंकित के खिलाफ धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी प्रधान सहित अन्य की तलाश में मंगलवार को दबिश मारी, लेकिन वह अपने घरों में नहीं मिले।