फर्रुखाबाद। संपूर्ण समाधान दिवस में बिजली विभाग के एसडीओ से अभद्रता कर हंगामा करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
जनपद सोनभद्र गांव कोन निवासी सुजीत कुमार गुप्ता बिजली विभाग उपखंड राजेपुर में एसडीओ के पद तैनात हैं। उन्होंने कादरीगेट थाना क्षेत्र के नोनमगंज निवासी राजकिशोर, गांव मसेनी के मजरा धर्मनगरिया निवासी पारूल शाक्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इसमें आरोप लगाया कि सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस चल रहा था।
संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता एडीएम न्यायिक स्वाति शुक्ला कर रही थीं। उसी दौरान राजकिशोर व पारूल शाक्य वहां पर आए। एसडीओ सुजीत कुमार से अभद्रता कर हंगामा करने लगे। सुजीत कुमार ने पूरा मामला एडीएम के सामने रखने की बात कही। इस पर दोनों युवक उत्तेजित हो गए। शोर सुनकर एडीएम ने दोनों युवकों को पकड़ने के आदेश दिए। पुलिस दोनों को पकड़कर थाने ले गई। एसओ मीनेश पचौरी ने बताया कि दोनों युवकों के खिलाफ संपूर्ण समाधान दिवस में सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का मुकदमा दर्ज किया गया है।