नवाबगंज। पति की हत्या में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने पत्नी सहित तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इसमें पति से मारपीट कर बाइक व नकदी लूटने का भी आरोप लगाया है।
थाना क्षेत्र के गांव मिल्क मौजा मुल्ला निवासी रामविलास राजपूत ने थाना जहानगंज के गांव अलेपुर निवासी बहू अनामिका, मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव खिमसेपुर निवासी साढू रुपेंद्र, मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव महलई निवासी अजय पाल के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया। इसमें आरोप लगाया कि पुत्र कन्हैयालाल चार मई को साली मधु की शादी में ससुराल अलेपुर गया था। वहां साढू से नजदीकी को लेकर पुत्र कन्हैयालाल ने अनामिका से विरोध जताया।
इस पर बहू अनामिका व साढू सहित तीनों लोगों ने मारपीट कर बाइक, नगदी व मोबाइल लूट लिया। सात मई को गांव के बाहर पुत्र कन्हैयालाल को फंदे पर लटका कर मार डाला। जानकारी होने पर छोटे पुत्र अंकित ने रुपेंद्र से इस बारे में पूछताछ की।
रूपेंद्र ने जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में थाने व एसपी को प्रार्थना पत्र देने के बाद भी सुनवाई नहीं हुई। एसओ जेपी शर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।