अमृतपुर। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी कर बैनामे के प्रपत्र तैयार करने व धमकी देने के मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव हरसिंहपुर कायस्थ निवासी लालजीत ने कोर्ट के आदेश पर राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव लायकपुर निवासी शिवराम, कादरीगेट थाना क्षेत्र के गांव चांदपुर निवासी राहुल, सुरेश चंद्र व दाताराम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इसमें आरोप लगाया कि शिवराम ने 10 अप्रैल 2017 को अपनी जमीन का बैनामा उसके नाम पर कर दिया। जमीन पर कब्जा भी दिलवा दिया। इसके बाद शिवराम ने 27 अक्तूबर 2020 को उसी जमीन का बैनामा राहुल कुमार के नाम पर कर दिया। सुरेश चंद्र व दाताराम ने इस बैनामे में गवाही दी। इन लोगों ने धोखधड़ी करके जमीन बैनामा के फर्जी प्रपत्र तैयार कर लिए। जानकारी होने पर विरोध जताया। इस पर यह लोग गाली गलौज कर मारपीट करने पर अमादा हो गए। इन लोगों ने शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में थाने व एसपी को प्रार्थना पत्र देने के बाद भी सुनवाई नहीं की गई। एसओ मीनेश पचौरी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।