फर्रुखाबाद जिले में अस्पताल में भर्ती मरीज को फायदा न होने पर छुट्टी की बात कहने पर पिता-पुत्र को पीटने में संचालक समेत पांच लोगों पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस की मदद से मरीज को दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मऊदरवाजा थान क्षेत्र के मोहल्ला बहादुरगंज तराई निवासी अबरार कुरैशी ने पुत्री नेहा को शहर के मोहल्ला साहब गंज स्थित भारत नर्सिंग होम में मंगलवार दोपहर को भर्ती कराया था। परिजनों ने 15 हजार रुपये लेने के बाद 4300 रुपये की रसीद देने का आरोप लगाया था। फायदा न मिलने पर रात को मरीज की छुट्टी करने को कहा तो एक हजार रुपये और जमा करने की बात कही।
इसी बात पर विवाद हो गया था। इस पर डॉक्टर, उसके भाई व साथियों ने पहले अस्पताल और फिर सड़क पर अबरार व उसके बेटे आमिर को लाठी-डंडों से पीट दिया था। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख आरोपी भाग गए। पुलिस ने मरीज को अस्पताल के बाहर निकाला। आमिर की तहरीर पर पुलिस ने अस्पताल संचालक डॉ. इमरान अली, भाई डॉ. रिजवान अली, विकास दुबे, शानू तिवारी, चमन ठाकुर पर मुकदमा दर्ज किया है।
घटना के कई वीडियो वायरल हुए हैं। इसमें डॉक्टर व उसके भाई मारपीट करते दिख रहे हैं। उनके साथी भी मरीज के भाई पर डंडे चलाते दिख रहे हैं। यही नहीं सड़क पर पिटाई की जा रही है। भारत नर्सिंग होम के संचालक डॉक्टर भाइयों का विवादों से पुराना नाता है। पिछली साल भी अस्पताल में मारपीट में दोनों तरफ से रिपोर्ट हुई थी।
इसके बाद लोहिया महिला अस्पताल में सीओ सिटी और कोतवाल के सामने डॉक्टर इमरान की पत्नी ने युवक को पीट दिया था। इसके बाद डाक्टर इमरान ने भी अभद्रता की थी। बाद में सुलह हो गई थी। अक्तूबर में डॉ. रिजवान ने साथियों के साथ रोडवेज बस स्टैंड पर एक अस्पताल संचालक के साथ मारपीट की थी। इसका भी कोतवाली में मुकदमा दर्ज हैं।