जहानगंज। बिना लाइसेंस नवीनीकरण के अवैध रूप से आलू का भंडारण करने के मामले में पुलिस ने कोल्ड स्टोरेज के मालिक पूर्व ब्लाक प्रमुख के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
क्षेत्र के गांव बंथलशाहपुर में मैसर्स हबीब कोल्ड स्टोरेज है। जिला आलू शाक भाजी अधिकारी आरएन वर्मा ने 22 मार्च को कोल्ड स्टोरेज के मालिक पूर्व ब्लाक प्रमुख उमर खां को लाइसेंस के नवीनीकरण के लिए फाइल प्रस्तुत करने के आदेश दिए थे। इसके बाद भी कोल्ड मालिक ने 13 अप्रैल तक फाइल प्रस्तुत नहीं की। पूर्व ब्लाक प्रमुख ने किसानों को लाखों रुपये के आलू का अवैध रूप से कोल्ड में भंडारण कर लिया।
आरएन वर्मा ने इस संबंध में जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह को आख्या भेजकर रिपोर्ट दर्ज कराने के संबंध में अनुमति मांगी थी। 14 अप्रैल को डीएम ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए अनुमति दे दी। एसओ बलराज भाटी ने बताया कि आलू शाक भाजी अधिकारी की तहरीर पर कोल्ड मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।