फर्रुखाबाद। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने अधिवक्ता को टक्कर मारकर घायल करने के मामले में कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव देवराजपुर निवासी कुलदीप कुमार यादव ने न्यायालय के आदेश पर फतेहगढ़ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। इसमें कहा कि 26 सितंबर 2024 को वह बाइक से कचहरी आ रहा था। तिर्वा कोठी के पास सामने से तेज रफ्तार कार चालक ने टक्कर मार दी। जिससे वह रोड पर गिर गया। बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। कार के नंबर प्लेट की फोटो खींचने का प्रयास किया तो चालक ने कार चढ़ाकर जान से मारने की कोशिश की। घायल अवस्था में साथी अधिवक्ता फतेहगढ़ कोतवाली लेकर गए। जहां कार चालक के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। न्यायालय के आदेश से शनिवार को फतेहगढ़ पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंस्पेक्टर गोविंद हरि वर्मा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।