फर्रुखाबाद। फर्नीचर व एलईडी की दुकान में घुसकर तोड़फोड़ व जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। दुकानदार ने गोलक से 22 रुपये निकालने का भी आरोप लगाया है।
फतेहगढ़ कोतवाली के मोहल्ला हाथीखाना निवासी शिवराम ने मोहल्ले के नारायण उर्फ मामा, आशीष, अजीत, मनीष, बृजमोहन, रमन व पांच अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इसमें बताया कि उसकी फर्नीचर व एलईडी की दुकान है। गुरुवार को नारायण उर्फ मामा से दुकान के सामने गाड़ी खड़ी करने का विरोध किया।
उस दौरान नारायण उर्फ मामा वहां से चला गया। कुछ देर बाद सभी लोगों को साथ लेकर आया। गाली गलौज कर मारपीट करने लगा। बचाने पर कर्मचारी मनीष के हाथ में चाकू मार दिया। दुकान में रखी एलईडी को पटककर तोड़ दिया। अन्य सामान भी उठाकर इधर-उधर फेंका। आसपास के दुकानदारों के ललकारने पर गोलक से 22 सौ रुपये की नकदी निकालकर जान से मारने की धमकी देकर सभी लोग चले गए। कोतवाल हरिश्याम सिंह ने बताया कि घायलों का मेडिकल कराने के बाद मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।