फर्रुखाबाद में आचार संहिता व धारा 144 के उल्लंघन के मामले में नगर पालिका परिषद की बसपा प्रत्याशी, उनके पति पूर्व एमएलसी, पुत्र व समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। बिना अनुमति पार्टी कार्यालय से हुजूम बनाकर निकलने के दौरान पुलिस के रोकने पर भी न मानने का आरोप है। निवर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष व बसपा प्रत्याशी वत्सला अग्रवाल ने फतेहगढ़ चौराहा स्थित रुखसाना बी के भवन के हाल में दूसरा कार्यालय बनाया है।
30 अप्रैल को कार्यालय उद्घाटन के बाद चौराहे से फतेहगढ़ कोतवाली तक जनसैलाब के साथ जुलूस निकाला गया। इसका वीडियो भी वायरल हुआ। बिना अनुमति जुलूस निकालने में सिटी मजिस्ट्रेट दीपाली भार्गव ने मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। कोतवाली की उपनिरीक्षक सुधा पाल ने शहर के मोहल्ला लोहाई रोड निवासी बसपा प्रत्याशी वत्सला अग्रवाल, उनके पति पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल, पुत्र देवांश अग्रवाल, समर्थक अवधेश गुप्ता, पंकज दीक्षित, जेंटल दीक्षित, अभिषेक कुमार शुक्ला, करन पटेल, अन्नू गुप्ता, सन्नू गुप्ता, सौरभ गुप्ता, संजय आनंद, शिवम गुप्ता निवासी फर्रुखाबाद, बीबीगंज निवासी राजन गुप्ता, बढ़पुर निवासी कार्तिकेय सिंह, भोलेपुर निवासी शिवम पंडित उर्फ रुद्र, कुलदीप मिश्रा, फतेहगढ़ निवासी दीपक दुबे व 70-80 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ आचार संहिता व धारा 144 का उल्लंघन करने में मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें कहा कि पार्टी कार्यालय फतेहगढ़ से कोतवाली रोड पर बिना अनुमति लिए भीड़ लेकर जा रहे थे। उन्हें रोकने के बावजूद नहीं माने। इस पर वीडियोग्राफी कराई गई।