फर्रुखाबाद। शहर में निशान यात्रा निकालने को लेकर रविवार देर शाम दो गुटों में मारपीट के बाद हुए पथराव के मामले पुलिस ने नौ नामजद समेत 19 के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस हिरासत में तीन लोगों को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। मोहल्ले में पुलिस बल मुस्तैद रहा।
मऊदरवाजा थाने के मोहल्ला तकिया नसरत शाह में हर साल की तरह रविवार को वाल्मीकि समाज के लोग निशान यात्रा निकाल रहे थे। उसी समय मोहल्ले के ही अकरम अंसारी ने अपने पुस्तैनी इमामबाड़े से निशान यात्रा न निकालने की बात कही। इस पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। कुछ ही देर में दोनों पक्षों में मारपीट और पथराव हो गया था। इस घटना में पुलिस ने रहीश उर्फ गुड्डू, सलीम अंसारी और दूसरे पक्ष के अजय वाल्मीकि को हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
थाने के दरोगा अमित कुमार गुप्ता ने अकरम, असलम, अशरफ, अफसर, गुड्डू उर्फ रहीश व दूसरे पक्ष के अजय, अन्नी उर्फ अमन, अनूप, सौरभ और 10 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें कहा कि दोनों पक्षों में जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी के चलते गाली-गलौज के बाद पथराव कर दिया। पुलिस के समझाने पर भी नहीं माने। पुलिस ने अन्य नामजदों और अज्ञात की तलाश शुरू कर दी है।