फर्रुखाबाद। बिजली आपूर्ति ठप होने से देहात क्षेत्र के अस्पतालों में मोबाइल व मोमबत्ती की रोशनी में इलाज किया गया। यही नहीं शहर के अधिकांश एटीएम भी विद्युत कटौती के कारण शोपीस बने रहे। इससे लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बैंकों में लगने वाली लाइनों से बचने के लिए बड़ी संख्या में खाताधारक एटीएम से पैसा निकालते हैं। दो दिन से बिजली आपूर्ति ठप रहने से एटीएम भी बंद हो गए। अधिकांश एटीएम में लगे इन्वर्टर भी टाउन होने से लेन-देन बंद हो गया। ऐसे में लोग बैंक शाखाओं के बाहर लगी एटीएम मशीनों के बाहर खड़े दिखे। अन्य एटीएम पर सन्नाटा पसरा रहा।
नवाबगंज प्रतिनिधि के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर जेनरेटर की सुविधा न होने से इमरजेंसी में पहुंचे मरीजों को मोमबत्ती की रोशनी में इलाज कराना पड़ा। कुछ कर्मचारी मोबाइल जलाकर बैठे दिखे। अस्पताल में भर्ती मरीजों को भी रातें अंधेरे में काटनी पड़ रही हैं। देहात क्षेत्र के अन्य सीएचसी और पीएचसी का भी यही हाल है। अंधेरे में मरीजों को दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं।