फर्रुखाबाद जिले के राजेपुर में दवा लेने जाते वक्त बाइक अनियंत्रित होकर खाई के नीचे जा गिरी। उस पर सवार गर्भवती महिला की मौत हो गई और पति घायल हो गया। क्षेत्र के गांव हमीरपुर के मजरा केशव नगर निवासी संजीव (30) शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे गर्भवती पत्नी पूनम (28) को पड़ोसी गांव में बाइक से दवा दिलाने जा रहा था।
गांव के कुछ दूरी पर पुलिया पर बाइक अनियंत्रित होकर खड्ड में जा गिरी। इससे दोनों ही गंभीर रूप से घायल हो गए। रात करीब 11 बजे संजीव को होश आने पर उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस संजीव और पूनम को सीएचसी लेकर पहुंची। वहां डॉक्टर ने पूनम को मृत घोषित कर दिया। संजीव हेलमेट नहीं लगाए था। परिजनों ने बताया कि पूनम का मायका वाराणसी में है। मायके पक्ष के लोग काफी गरीब हैं। सूचना पर उन्होंने आने से इनकार कर दिया।