फर्रुखाबाद। सब कुछ ठीक-ठाक रहा, तो फरवरी के अंत तक रोडवेज यात्री बसों की लोकेशन ऑनलाइन एलईडी स्क्रीन पर देख सकेंगे। इसके लिए कंप्यूटर सिस्टम, यूपीएस, साउंड सिस्टम के अलावा दीवार पर बड़ी एलईडी लगा दी गई है। अब पूरे सिस्टम को चालू करने के लिए इंस्टालेशन के लिए इंजीनियरों का इंतजार है। सिस्टम चालू होने के बाद यात्रियों के साथ पूछताछ कर्मी को भी राहत मिलेगी।
राज्य सड़क परिवहन निगम यात्रियों की सुविधा के लिए 40 लाख रुपये खर्च कर रही है। इसके तहत रेलवे की तरह बस अड्डा पर बसों की लोकेशन एलईडी स्क्रीन के अलावा ऑटोमेटिक साउंड सिस्टम से 24 घंटे मिलती रहेगी। इससे पूछताछ कक्ष में होने वाली दिक्कतों से पूरी तरह छुटकारा मिल जाएगा। सिस्टम पर डिपो से गुजरने वाली हर बस के बारे में जानकारी मिलेगी। पूरा सिस्टम लगाने के लिए तीन टीमें शामिल की गई हैं। एक टीम ने कंप्यूटर, यूपीएस व साउंट सिस्टम लगाने का काम पूरा किया।
मंगलवार को आई दूसरी टीम ने दीवार पर एलईडी लगा दी। लखनऊ से आए तकनीकी कर्मियों ने बताया कि अब इस महीने के अंत तक तीसरी टीम आकर इंस्टालेशन का काम पूरा करेगी। वही टीम पूरे सिस्टम को चालू करके यात्रियों को समर्पित कर देगी।
बसों को ऑनलाइन करने के निर्देश जारी
निगम ऑनलाइन सेवा शुरू करने के लिए काफी तेजी से काम कर रहा है। दो दिन पूर्व क्षेत्रीय कार्यालय से डिपो की बसों को ऑनलाइन करने का फरमान भी जारी कर दिया गया। स्थानीय स्तर पर बसों की जानकारी फीड करने की कार्रवाई शुरू की जा रही है।
-निगम की मंशा के अनुरूप यात्रियों की सुविधा शीघ्र शुरू हो जाएगी। आने वाले दिनों में एप भी शुरू होने की उम्मीद है। रोडवेज भी हाईटेक सेवा देने जा रही है।
-आरसी यादव, एआरएम, फर्रुखाबाद डिपो।