फर्रुखाबाद। आढ़ती व काश्तकार को धमकी देने के मुकदमे में माफिया बसपा नेता की सीजेएम कोर्ट में पेशी हुई। दो वर्ष पहले बसपा नेता के खिलाफ कचहरी में धमकी देने का मुकदमा दर्ज हुआ था।
जनपद कन्नौज कोतवाली छिबरामऊ मोहल्ला बस्तीराम निवासी आढ़ती राजेश ने 14 सितंबर 2021 को फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कसरट्टा निवासी माफिया बसपा नेता डॉ. अनुपम दुबे के खिलाफ धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया था।
मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव नगटपुर निवासी रक्षपाल यादव ने इसी दिन बसपा नेता अनुपम के खिलाफ धमकी देने का दूसरा मुकदमा दर्ज कराया था। विवेचक ने दोनों मुकदमों में अनुपम के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की थी।
अनुपम दुबे वर्तमान में आगरा जिला जेल में निरुद्ध हैं। सोमवार को आगरा से पुलिस अनुपम दुबे को कड़ी सुरक्षा में कोर्ट लेकर आई। दोनों मुकदमों में बसपा नेता को सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। मुकदमे में सिपाही की गवाही व वादी से बचाव पक्ष के वकीलाें ने जिरह की। सुरक्षा को लेकर फतेहगढ़ कोतवाल सचिन कुमार सिंह फोर्स के साथ वहां मौजूद रहे। कोर्ट ने दोनों मुकदमों में अगली सुनवाई के लिए 21 नवंबर की तिथि नीयत की है।