फर्रुखाबाद। बसपा नेता डॉ. अनुपम दुबे के ठंडी सड़क स्थित होटल परिसर में कोर्ट की अनुमति के बाद आंतरिक संरचना की पैमाइश की गई। साढ़े तीन घंटे चली नापजोख के बाद भी अफसरों ने रिपोर्ट का खुलासा नहीं किया। इस दौरान अधिवक्ता के साथ पहुंची बसपा नेता की पत्नी ने नापजोख पर संतोष जताया।
शहर के ठंडी सड़क की पूर्व दिशा की ओर तालाब के दो व पजावा का एक नंबर कागजों में दर्ज है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में कई-कई मंजिल भवन और व्यवसायिक प्रतिष्ठान बन चुके हैं। प्रशासन सरकारी भूमि को चिन्हित कर मुक्त कराने में जुटा है।
इसी के चलते सिटी मजिस्ट्रेट दीपाली भार्गव ने कई बार पैमाइश कराई। गैंगस्टर के मामले में आरोपी होने के बाद बसपा नेता के होटल गुरुशरणम पैलेस को सील कर दिया गया था।
कोर्ट से अनुमति लेने के बाद सिटी मजिस्ट्रेट दीपाली भार्गव, तहसीलदार श्रद्धा पांडेय, सीओ सिटी प्रदीप सिंह, ईओ रविंद्र कुमार राजस्व टीम के साथ सोमवार सुबह साढ़े 11 बजे पुलिस बल के साथ पहुंचे।
बीच के गेट की सील खोलकर प्रवेश किया। इस दौरान अन्य किसी को जाने की अनुमति नहीं दी गई।
दोपहर 12 बजे पहुंचीं बसपा नेता की पत्नी मीनाक्षी दुबे भी अंदर चली गईं। शाम तीन बजे तक परिसर के अंदर की पैमाइश की गई।
सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि भवन की आंतरिक संरचना की नापजोख की गई। अब इसकी रिपोर्ट बनाकर संबंधित अधिकारियों को भेजी जाएगी। मीनाक्षी दुबे ने कहा कि नापजोख सरकारी प्रक्रिया है। कुछ भी गलत नहीं है।
होटल को 27 जून को सील किया गया था। इसके बाद से लॉन की कीमती घास, शानदार फुलवारी और पौधे सूख रहे थे। बसपा नेता की पत्नी मीनाक्षी दुबे ने पौधों की सिंचाई कराने की बात कही। इस पर नगर पालिका का टैंकर मंगवाकर घास और पौधों की सिंचाई कराई गई।