अमृतपुर (फर्रुखाबाद)। जहरीला भोजन खाने से 24 घंटे के अंदर भाई-बहन की मौत हो गई। परिवार के तीन लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर गांव पहुंची स्वास्थ्य टीम ने गांव पड़ोसियों से जानकारी ली। परिजनों ने माइक्रोनी खाने के बाद सभी की हालत बिगड़ने की बात कही है।
थाना क्षेत्र के गांव दाड़ीपुर निवासी किसान मानसिंह की पत्नी रिंकी ने शनिवार को गांव में बिकने आई माइक्रोनी खरीदी थी। उसी दिन शाम को मान सिंह के पुत्र शिवम (8), पुत्री अनुपम (10), पत्नी रिंकी (30), बहन गौरी (15) व आशा (12) ने माइक्रोनी खाई थी। रविवार की सुबह चार बजे शिवम के पेट में तेज दर्द होने के साथ उल्टियां होने लगीं। परिजन उसे गांव राजपुर स्थित निजी डॉक्टर के पास लेकर जा रहे थे।
रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिजनों ने दोपहर को अंतिम संस्कार कर दिया। इसी बीच अनुपम की भी हालत बिगड़ गई। परिजनों ने उसे फर्रुखाबाद शहर के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया। वहां उपचार के दौरान सोमवार की सुबह उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना अनुपम के शव का भी अंतिम संस्कार कर दिया। इसी बीच मान सिंह की पत्नी रिंकी, बहन गौरी व आशा की हालत बिगड़ गई। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी पर स्वास्थ्य विभाग के डॉ. गौरव कुमार व प्रवीण राजपूत गांव में पहुंचे। उन्होंने छानबीन के बाद बताया कि जहरीला भोजन खाने से भाई-बहन की मौत हुई है। गांव में उल्टी व दस्त की दवाएं वितरित की जा रही हैं।