अमृतपुर। घर से नाराज होकर गई छात्रा का शव गोताखोरों ने सोता नाला से खोज निकाला। छात्रा का दुपट्टा व चप्पल सोता नाला के बाहर मिला था।
तहसील क्षेत्र के गांव अहिलामई निवासी वीरपाल की पुत्री छवि (17) शनिवार शाम को किसी बात को लेकर नाराज होकर चली गई थी। परिजन रात भर खोजबीन करते रहे, लेकिन उसका पता नहीं चला। रविवार सुबह गांव के पास सोता नाला के किनारे चप्पल व दुपट्टा पड़ा मिला। जिसकी सूचना परिजनों ने थाना पुलिस को दी।
थाना पुलिस ने पांचाल घाट से गोताखोर बुलाकर खोजबीन कराई। गोताखोरों ने छात्रा का शव बाहर निकाल दिया। पुलिस ने छात्रा को लोहिया अस्पताल भेजा। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। छवि कक्षा 9 की छात्रा थी। छात्रा की मौत से मां वीरवती भाई शिवम अनिकेत का रो-रो कर बुरा हाल हो गया ।
क्षेत्रीय लेखपाल पवन यादव ने पहुंच कर घटना की जानकारी करने के बाद तहसीलदार को रिपोर्ट दी। छात्रा के पिता ने थाना पुलिस को तहरीर दी। इसमें बताया कि पुत्री रात 9 बजे शौच के लिए गई थी। पैर फिसल जाने से डूब गई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।