फर्रुखाबाद। जिला योजना समिति के सदस्यों के लिए मंगलवार को ब्लाक प्रमुख डा. सुबोध यादव की पत्नी रश्मि यादव ने नामांकन दाखिल किया। सपा विधायक ने भाभी का पर्चा नहीं भरवाया। इससे ब्लाक प्रमुख की पत्नी रश्मि यादव का निर्विरोध होना तय है। 16 पदों के लिए नामांकन हुआ। इनमें सामान्य महिला वर्ग के तीन पदों के लिए चार पर्चे भरे गए। अन्य 13 पदों के प्रत्याशियों का निर्विरोध होना तय हो गया है। नामांकन पत्र जांच में वैध पाए गए।
जिला योजना समिति में 16 सदस्यों के पद हैं। इनके चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सामान्य वर्ग के छह पदों के लिए 10, सामान्य महिला वर्ग के तीन पदों के लिए पांच, अनुसूचित
जाति वर्ग के दो सीटों के लिए दो, अनुसूचित जाति महिला वर्ग के एक पद के लिए दो नामांकन पत्र खरीदें गए थे। अन्य पिछड़ा वर्ग सदस्य पद के तीन पदों के लिए चार और अन्य पिछड़ा वर्ग महिला वर्ग के एक पद के लिए दो नामांकन पत्र खरीदे गए थे।
अन्य पिछड़ा वर्ग महिला वर्ग सदस्य के एक पद के लिए सपा विधायक नरेंद्र सिंह की भाभी श्यामा देवी और राजेपुर ब्लाक प्रमुख डा. सुबोध यादव ने पत्नी रश्मि यादव को चुनाव लड़ाने के लिए पर्चा खरीदा था। मंगलवार को कलेक्ट्रेट में नामांकन हुए। सामान्य वर्ग की छह सीटाें पर छह प्रत्याशी, सामान्य महिला वर्ग की तीन सीटों पर चार प्रत्याशियों, अनूसचित जाति वर्ग की दो सीट पर दो, अनुसूचित महिला वर्ग की एक पद के लिए एक तथा अन्य पिछड़ा वर्ग की तीन सीट पर तीन और अन्य पिछड़ा वर्ग महिला की एक सीट के लिए एक नामांकन पत्र दाखिल हुआ।
सपा विधायक नरेंद्र सिंह यादव ने अपनी भाभी श्यामा यादव का पर्चा नहीं भरवाया। इस कारण सामान्य महिला सीट को छोड़ कर अन्य सभी सीटों के दावेदार तथा ब्लाक प्रमुख डा. सुबोध यादव की पत्नी का निर्विरोध सदस्य चुना जाना तय हो गया है। एसडीएम कायमगंज अजीत कुमार ने बताया कि सामान्य वर्ग महिला के तीन पदों के सापेक्ष चार नामांकन हुए हैं। सभी नामांकन पत्र जांच में वैध पाए गए। 12 मार्च को नामांकन पत्र वापसी की प्रक्रिया होगी।