फर्रुखाबाद। अपहरण के मुकदमे के निस्तारण के लिए ब्लाक प्रमुख मोहम्मदाबाद को गवाही के लिए कोर्ट में तलब किया गया है।
वर्ष 1984 में उनका अपहरण हुआ था। पिता ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। शनिवार को ब्लाक प्रमुख की कोर्ट में गवाही होगी।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कसरट्टा निवासी वकील महेश चंद्र दुबे ने 27 अक्तूबर 1984 को पुत्र अमित उर्फ बब्बन दुबे (वर्तमान ब्लाक प्रमुख मोहम्मदाबाद) के अपहरण में कंपिल थाना क्षेत्र के गांव पहाड़पुर निवासी श्याम बिहारी, मोहम्मदाबाद कोतवाली के गांव सहसापुर निवासी उजागर, गांव सिनौड़ा ईश्वरीय निवासी बड़े गुड्डू, महेंद्र सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
मुकदमा तभी से एंटी डकैती कोर्ट में विचारधीन है। ब्लाक प्रमुख अमित दुबे शहर कोतवाली में दर्ज धोखाधड़ी के तीन मुकदमो में जिला जेल शाहजहांपुर में बंद हैं।
अभियोजन पक्ष के वकील ने अपहरण के मुकदमे के निस्तारण के लिए अमित दुबे के बयान कराने से स्थित स्पष्ट होने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया।
कोर्ट ने ब्लाक प्रमुख को गवाही के लिए शनिवार को तलब किया है।