फर्रुखाबाद। भाकियू नेताओं की प्रस्तावित पदयात्रा रोकने पर पुलिस से नोकझोंक हुई। इसके बाद कुछ दूर पदयात्रा निकालकर एडीएम को ज्ञापन सौंपा। एडीएम ने शीघ्र ही समस्या निस्तारित कराने का भरोसा दिया।
भारतीय किसान यूनियन की पद यात्रा पांचाल घाट स्थित स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी की मूर्ति से मेला रामनगरिया तक निकालकर शिविर में धरना प्रदर्शन प्रस्तावित था। इसकी जानकारी पर सुबह से भाकियू मंडल उपाध्यक्ष प्रभाकांत मिश्रा के नेकपुर स्थित आवास पर पुलिस पहुंच गई। धीरे-धीरे कार्यकर्ता वहां एकत्र हुए और निकलने का प्रयास किया। सीओ सिटी प्रदीप सिंह ने उन्हें रोका और कहा कि एडीएम ज्ञापन लेने आ रहे हैं। पदयात्रा निकालने की जिद पर मंडल उपाध्यक्ष की पुलिस से नोकझोंक हुई।
एडीएम सुभाष चंद्र प्रजापति के आने पर किसान नेताओं ने मसेनी चौराहे तक चलकर ज्ञापन देने को कहा। मसेनी चौराहे से पहले ही शीतगृह के पास अचानक मंडल उपाध्यक्ष की तबियत बिगड़ गई। आखिरकार वहीं पर उन्होंने एडीएम को 10 सूत्री ज्ञापन सौंप दिया। इसमें गांव बराकेशव की चकबंदी निरस्त करने, गांवों में बनी टंकियों से जलापूर्ति शुरू कराने, समितियों से खाद उपलब्ध कराने आदि मांग की।
एडीएम सुभाषचंद्र प्रजापति ने समस्याओं का जल्द निस्तारण का भरोसा दिया। मुकेश शर्मा, अजय कटियार, अभय यादव, अनार सिंह, योगेंद्र सिंह, पुजारी कटियार, भगवान सिंह आदि मौजूद रहे।