फर्रुखाबाद। शहर की आवास विकास कालोनी स्थित भाजपा कार्यालय में रविवार को निकाय चुनाव की तैयारी को लेकर बैठक हुई। इसमें निकाय चुनाव प्रभारी राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं को जीत के लिए पूरी ताकत से जुटने के लिए कहा।
राज्य मंत्री ने कहा कि चुनाव घोषित होने में अधिक समय नहीं है। कार्यकर्ता घर-घर जाकर संपर्क करें और नये मतदाताओं का नाम सूची में शामिल कराएं। संपर्क के दौरान केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों के पत्रक बांटें। पार्टी के प्रत्याशी के लिए कार्यकर्ता पूरी ताकत से जुटेंगे, तभी नगर निकायों में भगवा परचम लहराएगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता ने बताया कि नगर निकाय चुनाव के लिए विभिन्न कार्यक्रमों की योजना तैयार की है। 31 अक्तूबर को सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर सभी बूथों पर कार्यक्रम होंगे। एक से 7 नवंबर तक संपर्क अभियान के तहत वार्डों में नये मतदाताओं के फार्म भरवाकर जमा कराए जाएंगे।
प्रत्येक निकाय क्षेत्र के लिए 11 सदस्यीय समिति गठित होगी। सांसद मुकेश राजपूत, विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, नागेंद्र सिंह राठौर, सुशील शाक्य, डॉ. सुरभि, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. भूदेव सिंह राजपूत, वीरेंद्र सिंह राठौर, भास्कर दत्त द्विवेदी आदि मौजूद रहे।