- लाइसेंसी पिस्टल जब्त, निरस्तीकरण के संबंध में भेजी रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
नवाबगंज। पुजारी पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने भाजपा नेता के गनर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने गनर को जेल भेज दिया। उसकी पिस्टल जब्त कर निरस्तीकरण के संंबंध में रिपोर्ट भेजी है।
क्षेत्र के कक्यौली रामताल मंदिर पर गांव सिकंदरपुर नगला विनायक निवासी लक्ष्मीनारायण दुबे पुजारी है। वह शनिवार की शाम को मंदिर के पूजा के बर्तन हैंडपंप पर धो रहे थे। उसी दौरान गांव नगला दुली निवासी रविंद्र यादव लाइसेंसी पिस्टल लेकर वहां पहुंचा। रविंद्र यादव मेरापुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी भाजपा नेता का गनर है। रविंद्र ने मंदिर के बाहर बैठे लोगों से गाली-गलौज किया।
पुजारी के विरोध करने पर रविंद्र ने पिस्टल से उन पर फायर कर दिया। लक्ष्मी नारायण दुबे बैठ गए। गोली उनके ऊपर से निकल गई। उस दौरान गांव के कई लोग मौके पर बैठे हुए थे। पुलिस मौके पर पहुंची। रविंद्र को पकड़कर थाने ले आई। पुलिस ने पुजारी की तहरीर पर रविंद्र के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर लिया। उसकी लाइसेंसी पिस्टल को जब्त करके मालखाने में जमा कर लिया। रविवार को पुलिस ने रविंद्र को कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया। एसओ जेपी शर्मा ने बताया कि गनर की पिस्टल का लाइसेंस निरस्त करने के संबंध मे अधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी है।