शमसाबाद। कार की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। वहीं पति गंभीर घायल हैं। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
थाना क्षेत्र के गांव कुइयां संत निवासी राधेश्याम शर्मा फर्रुखाबाद में बीमार एक रिश्तेदार को देखने बाइक से पत्नी ज्ञानदेवी (60) के साथ जा रहे थे। फैजबाग के पास ईंट भट्ठे के सामने दूसरी ओर से आ रही कार ने बाइक में सीधी टक्कर मार दी। राधेश्याम व उनकी पत्नी ज्ञान देवी गंभीर घायल हो गईं। चालक कार लेकर भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। देर रात को महिला ज्ञान देवी की उपचार के दौरान मौत हो गई। जानकारी पर पहुंचे पुत्र दिलीप, प्रदीप, संदीप का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। शनिवार को ज्ञान देवी के शव का अंतिम संस्कार किया गया। एसओ तरुण सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।