फर्रुखाबाद। बाइक सवार तीन बदमाशों ने किसान को मारपीट कर उससे पांच हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया। धारदार हथियार से उनके चेहरे और हाथ में गंभीर चोटें आईं। किसान ने पुलिस से शिकायत की है।
जहानगंज थाने के गांव रुनी निवासी राजबहादुर (68) खेती करते हैं। वह रविवार सुबह तीन बजे रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरे।
वह पैदल ही घर जाने के लिए टेंपो की तलाश में ढिलावल तिराहे की ओर जा रहे थे। गांव के पास शराब ठेका के सामने पीछे से आए एक बाइक सवार तीन बदमाशों ने मुंह दबा लिया। दूसरे बदमाश ने जेब से रुपये और मोबाइल निकाल लिया।
इस दौरान उन्होंने चौराहे पर मौजूद दो वर्दीधारियों को आवाज लगाई, मगर वह नहीं आए। गुस्साए एक बदमाश ने धारदार हथियार से वार किया, इससे चेहरा और हाथ में गंभीर चोटें आईं। बदमाश घटना को अंजाम देकर बाइक से जसमई की ओर भाग गए।
राजबहादुर ने बताया कि बदमाशों के जाने के बाद एक पीआरडी जवान के साथ दूसरा पुलिस कर्मी पहुंचा। उन्हें घटना की जानकारी दी।
उन्होंने बघार स्थित मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी भेज दिया। उन्होंने चौकी में तहरीर दी। पीड़ित ने बताया कि लखनऊ में उपभोक्ता फोरम में शनिवार को तारीख थी। वहां अवकाश होने से वकील को देने वाले रुपये उनकी जेब में थे।