फर्रुखाबाद। पिता की ननिहाल में तेरहवीं संस्कार से लौटते वक्त अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। वह हेलमेट नहीं लगाए था, लिहाजा सिर फट गया। वह मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव गढि़या ढिलावल निवासी अखिलेश राजपूत (28) हरदोई के पाली में पिता की ननिहाल में एक तेरहवीं संस्कार से रविवार शाम बाइक से घर लौट रहा था। शाम चार बजे के करीब राजेपुर थाना क्षेत्र के बरेली-इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जमापुर के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हेलमेट न लगाए होने से उसका सिर फट गया। आसपास के लोगों की मदद से पुलिस ने लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। कुछ ही देर में पहुंचे परिजनों में चीख-पुकार मच गई। अखिलेश तीन भाइयों में बीच का था। । पत्नी अंतिमा, मां राधा और बच्चों में नेहा, स्वागत व वासू का रो-रो कर बुरा हाल है। शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है।