कमालगंज। बरात जाने के लिए रिश्तेदार के घर के बाहर खड़े युवक को तेज रफ्तार बाइक चालक ने टक्कर मार दी। पीड़ित के भाई की तहरीर पर पुलिस ने चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
कन्नौज जिला के तालग्राम थाना क्षेत्र के बिचपुरवा निवासी गोविंद कुमार ने कादरीगेट थाना क्षेत्र के नरैनापुर निवासी बाइक चालक चंदन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें बताया कि गुरुवार शाम करीब 5 बजे उसका छोटा भाई अजय क्षेत्र के निनौरा शृंखलापुर निवासी फूफा के घर शादी समारोह में शामिल होने आया था।
बरात जाने के लिए तैयार होकर भाई फूफा के घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान वहां से गुजर रही तेज रफ्तार बाइक ने भाई को टक्कर मार दी। इससे उसके पैर में गंभीर चोट आई है। आस-पास मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की। लेकिन वह भागने में सफल हो गया। (संवाद)