फर्रुखाबाद। भोलेपुर रेलवे क्रासिंग पर 25.59 करोड़ से बना ओवरब्रिज उद्घाटन के सात माह बाद ही बारिश में धंस गया। एप्रोच रोड की दीवार में कई स्थानों से पानी की तेज धार के साथ मिट्टी निकलने लगी। पुल पर बना हॉटमिक्स रोड उखड़ गया। उसके दो इंच नीचे मिट्टी दिखने से साफ है कि गुणवत्ता के साथ खिलवाड़ किया गया। ओवरब्रिज से हर रोज करीब 10 हजार लोगों का आना-जाना रहता है। ऐसे में इन लोगों का आवागमन प्रभावित होगा।
भोलेपुर रेलवे क्रासिंग पर सेतु निगम ने 25.59 करोड़ रुपये से ओवरब्रिज का निर्माण किया था। इस पुल पर वाहनों का आवागमन नवंबर 2023 में शुरू कर गया था, मगर काम को अंतिम रूप देने के बाद फरवरी में इसका उद्घाटन किया गया था। बमुश्किल सात माह बीते ही थे कि बुधवार से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने निर्माण की गुणवत्ता की पोल खोल दी। बृहस्पतिवार को पुल के ऊपर बना हॉटमिक्स रोड बड़े हिस्से में टूट कर गड्ढे में तब्दील हो गया।
यही नहीं ओवरब्रिज के दोनों ओर बने एप्रोच मार्ग दी दीवारों से भारी मात्रा में पानी के साथ मिट्टी भी निकलकर सड़क पर आ गई है। भोलेपुर हनुमान मंदिर के पास काफी मात्रा में मिट्टी नीचे निकली दिख रही है। लिहाजा कभी भी भारी वाहन निकलने पर बड़ा हादसा हो सकता है।
वहीं, ओवरब्रिज से हर रोज करीब 10 हजार लोगों का आना-जाना रहता है। पुल के दक्षिण ओर अंबेडकर कालोनी, भोलेपुर, होली मोहल्ला, राजकीय पॉलिटेक्निक, बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता, ग्रामीण, शहरी उपखंड, एक बिजली उपकेंद्र और उत्तर दिशा में भीम मार्केट, न्यू फौजी कालोनी, इंदिरा कालोनी, राजन नगला, प्रीतमनगला आदि मोहल्लों की जनता और बच्चों का स्कूलों व कोचिंग में आना-जाना होता है। यही नहीं बरेली-इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवरोध के दौरान बड़ी संख्या में लोग इसी ओवरब्रिज से शहर में आते हैं। फतेहगढ़ क्षेत्र में रहने वाले लोग इसी रास्ते से छिबरामऊ, मैनपुरी आदि जिलाें के लिए रवाना हाेते हैं।
ऐसे में यह माना जाना है कि ओवरब्रिज की मरम्मत के लिए यहां वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी। ऐसे में यहां से गुरजने वाले लोग प्रभावित होंगे।
-ओवरब्रिज उखड़ने और दीवार से पानी निकलने की जानकारी नहीं है। वह इस मामले की जांच के लिए जेई को मौके पर भेजेंगे। यदि ऐसा है, तो वह इसकी तुरंत ही मरम्मत करवाएंगे। लापरवाही भी तय करके दोषी पर कार्रवाई करेंगे।
-अरुण कुमार, अधिशासी अभियंता, सेतु निगम इकाई बांदा।