फर्रुखाबाद। गोशाला का निरीक्षण कर गलत आख्या देने के मामले में तत्कालीन मोहम्मदाबाद बीडीओ को शासन के उपसचिव ने निलंबित कर दिया है।
उन्हें आयुक्त ग्राम विकास लखनऊ कार्यालय से संबद्ध कर संयुक्त विकास आयुक्त कानपुर मंडल को जांच अधिकारी नामित किया गया है। वह इन दिनों डीडीओ कार्यालय में संबद्ध चल रहे थे।
खंड विकास अधिकारी गोपीनाथ पाठक ने निरीक्षण के बाद डीएम की गोद ली गोशाला सितवनपुर पिथू में सचिव विनय कुमार सिंह पर लाखों का गबन व 80 गोवंश की तस्करी की आशंका जताकर करीब चार माह पूर्व डीडीओ को रिपोर्ट सौंपी थी।
इसके अलावा कई ग्राम पंचायतों में धनराशि निकलने के बावजूद पंचायत भवन अधूरे होने की बात कही थी। यह पंचायत भवन अभी तक पूर्ण नहीं कराए जा सके हैं। वहीं ग्राम पंचायत मदनपुर में लाखों की वित्तीय अनियमितता में तत्कालीन सचिव विनय कुमार सिंह शासन के निर्देश पर निलंबित चल रहे हैं।
राज्यपाल के आदेश पर उपसचिव रमेश चंद्र मिश्र ने बीडीओ गोपीनाथ पाठक को निलंबित कर दिया है। निलंबन आदेश में कहा कि बीडीओ के आरोपों की मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में कमेटी से जांच कराई गई। तो लगाये गए आरोप तथ्यहीन व भ्रामक पाए गए। इससे शासन व प्रशासन की छवि धूमिल करने में बीडीओ दोषी हैं।