फर्रुखाबाद। शनिवार दोपहर में एक घंटे की झमाझम बारिश से सड़कों, गलियों, मोहल्लों और सरकारी कार्यालयों के परिसरों में जलभराव हो गया। इससे लोगों को आवागमन में दिक्कतें हुईं। कुछ निचले इलाकों को गलियों में शाम तक कीचड़ भरा रहा।
शनिवार दोपहर करीब 12 बजे घने बादलों के बाद शहर में करीब एक घंटे तक झमाझम बारिश हुई। इससे फतेहगढ़ स्थित पोस्टमार्टम हाउस जाने वाले मार्ग, भोलेपुर ओवरब्रिज के आसपास, शहर के रोडवेज बस स्टैंड, तलैया फजल इमाम, लाल सराय, लिंजीगंज, गंगानगर कालोनी, कछियाना, इस्माइलगंज सानी, स्टेट बैंक गली, रस्तोगी मोहल्ला समेत कई निचले मोहल्लों में जलभराव हो गया।
यही नहीं आवास विकास स्थित लोहिया अस्पताल की नालियां चोक होने पर परिसर पानी से लबालब हो गया। बारिश बंद होने के करीब एक घंटे बाद पानी तो कम हुआ, मगर कीचड़ भरने से लोगों को दिक्कत हुई। सबसे ज्यादा स्थिति तलैया फजल इमाम में खराब रही।
गंगानगर नाले से एक फीट ऊपर बहा पानी
गंगानगर के नाले में कीचड़ अधिक होने से यह बारिश होते ही उफना गया। नाले की दीवारों से एक फीट ऊंचा पानी बहता रहा। इससे नाले के दोनों तरफ रह रहे लोग काफी देर घरों में ही कैद रहे। मोहल्ला बागकूंचा में नाली चोक होने पर सड़क पर पानी भर गया। तभी स्कूल की छुट्टी होने से वहां से गुजरने वाले बच्चों को खासी दिक्कतें हुईं।