फर्रुखाबाद। हरदोई जाने के लिए रोडवेज बस अड्डे पर सो रहे बरेली के यात्री का बैग चोरी कर लिया गया। उसमें नकदी, शैक्षिक प्रमाण पत्र, मोबाइल और कपड़े थे।
बरेली के इज्जतनगर थाने के मोहल्ला परवाना नगर कालोनी निवासी आशीष सोनी की हरदोई के कस्बा व थाना माधवगंज में ननिहाल है। रविवार रात करीब साढ़े 10 बजे ट्रेन से यहां पहुंचे और बस अड्डे पर बस के इंतजार करते-करते बैंच पर सो गए।
रात साढ़े 12 बजे आंख खुली तो पास में रखा बैग गायब मिला। पीड़ित ने बताया कि उसने थाने में भी सूचना दे दी है। बैग में 1750 रुपये, एक किलो गजक का डिब्बा, एक कीपैड का मोबाइल था।
सबसे प्रमुख बात यह कि थोड़ी देर पहले आशीष ने एक संदिग्ध युवक को अन्य यात्रियों की मदद से पकड़ा था। तलाशी में उसके पास ब्लेड मिला था। संदिग्ध युवक को बस अड्डा पर मौजूद पुलिस कर्मियों को सौंप दिया था।
कादरीगेट थाना प्रभारी विनोद शुक्ला ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच के बाद कार्रवाई करेंगे। (संवाद)