फर्रुखाबाद। लखनऊ से बांद्रा जा रही साप्ताहिक एक्सप्रेस के इंजन में खराबी आने से यह गाड़ी सवा दो घंटे तक खड़ी रही। चालकों ने स्टेशन के तकनीकी कर्मियों की मदद से मरम्मत करके ट्रेन को रवाना किया। इससे यात्री परेशान रहे।
रविवार रात करीब पौने 10 बजे लखनऊ से बांद्रा जा रही साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन स्थानीय स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंची। पांच मिनट रुकने के बाद जब चलने के लिए सिग्नल हुआ, तो इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। इसकी सूचना स्टेशन मास्टर के माध्यम से कंट्रोल को दी गई। काफी देर प्रयास के बाद भी इंजन ने काम नहीं किया, तो इंजन विभाग के तकनीकी कर्मियों को बुलाया गया। करीब दो घंटे के प्रयास के बाद इंजन की तकनीकी खराबी दूर की गई। इसके बाद रात 12.22 बजे ट्रेन को कासगंज की ओर रवाना किया गया।
ट्रेन पर सवार यात्री परेशान रहे। कई यात्रियों को कासगंज से दूसरी ट्रेन पकड़कर बरेली की ओर जाना था। उनकी आरक्षित ट्रेन भी निकल गई। जनरल डिब्बों में बैठे यात्री गर्मी की वजह से प्लेटफार्म पर टहलते रहे। सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों और महिलाओं को हुई। स्टेशन अधीक्षक योगेंद्र शाक्य ने बताया कि इंजन में तकनीकी कमी आने से ट्रेन खड़ी रही। सवा दो घंटे बाद मरम्मत करके उसे रवाना कर दिया गया।